वैशाली-वृज विहार नाले का हुआ सर्वे, यमुना में जाने से रोका जाएगा दूषित जल







# वसुंधरा-सोनिया विहार लिंक नहर में नहीं गिरने दिया जाएगा इसका गन्दा पानी

 

# अब तक यमुना में सीधे जा रहा है टीएचए का गन्दा पानी

 

 

गाजियाबाद। यमुना एक्शन प्लान के तहत अब कोई भी गंदा नाला यमुना नदी में नहीं गिरेगा। इस नजरिये से हिंडन नदी और यमुना नदी को जोड़ने वाले वसुंधरा-सोनिया विहार लिंक नहर में गिरने वाले टीएचए के सभी नालों का सर्वेक्षण नगर निगम के जल निगम द्वारा शुरू हो गया है। 

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, काफी लंबे समय से ट्रांस हिंडन एरिया का नाला जो ब्रिज बिहार और साहिबाबाद इंडस्ट्रीयल एरिया से गुजरते हुए वैशाली होते हुए वसुंधरा-सोनिया विहार लिंक नहर में वैशाली में मिलते हुए यमुना नदी में जाकर गिरता है और गंदे जल का बड़ा स्रोत है, को काबू में करने के लिए इस नाले के सर्वे का काम चालू हो चुका है। बता दें कि शुक्रवार को सेक्टर 1 वैशाली में जल निगम द्वारा इसका सर्वे कराया गया। ताकि किसी भी कीमत पर टीएचए का गंदा पानी यमुना में नहीं जाए। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल, निगम के सफाई निरीक्षक योगेंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर इसका संज्ञान लिया।

 

बता दें कि यमुना को स्वच्छ रखने के लिए एनजीटी द्वारा गठित कमेटी ने टीएचए से गुजर कर यमुना में गिरने वाले गंदे जल का संज्ञान लिया है और जनपद के सभी जिम्मेदार अधिकारियों से पत्राचार किया है, जिसके बाद से प्रशासन हरकत में आया है।