मंडलायुक्त करेंगे गाजियाबाद का निरीक्षण, डीएम ने शीघ्र ही कमियां दूर करने के दिए आदेश







गाजियाबाद। जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने मंडलायुक्त मेरठ द्वारा जनपद निरीक्षण की तैयारी के सम्बन्ध में  कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की। जिसमें उन्होंने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय रहते मंडलायुक्त के निरीक्षण हेतु अपनी अपनी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर लें। ताकि कोई कमी उन्हें नजर नहीं आए।

 

जिलाधिकारी श्रीमती माहेश्वरी ने कहा कि आरसीएमएस के अन्तर्गत नक्शों को शीघ्र पूर्ण कर लें। और नक्शे नये दायरे के अनुसार बनाएं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रूम के बस्ते सही अवस्था में होने चाहिए, वे फटे-पुराने न हों। नकल की स्थिति ठीक कर लें। वर्तमान में कोई नकल लम्बित न रहे, क्योंकि रजिस्ट्रीकरण बहुत कम है। 

 

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि न्यायिक अभिलेखागार में भी बस्तों की स्थिति ठीक अवस्था में होनी चाहिए। सभी अभिलेखागार में बीडिंग पूर्ण करायें। उन्होंने नाजिर को निर्देश दिये कि सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं जीपीएफ पुस्तिका, सेवा सत्यापन व प्रविष्टियां पूर्ण होनी चाहिए। अभिलेखागार में मौजूद अलमारियां व्यवस्थित होनी चाहिए। पत्रावलियों का रखरखाव ठीक अवस्था में हो। सीआरए में टॉप 10 पत्रावलियां पूर्ण होनी चाहिए। 

 

इस दौरान आडिट आपत्तियों के सम्बन्ध में भी जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि 53 आडिट आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 163 ऑडिट आपत्तियां लम्बित हैं। जिनके लिए उन्होंने सम्बन्धित को जल्द निस्तारित कराने हेतु निर्देशित  किया। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिये कि सदर मालखानें का निरीक्षण कराएं। मुख्यमंत्री सन्दर्भ व प्रशासनिक संदर्भों को तुरन्त निस्तारित किया जाये। साथ ही, गार्ड फाईल ठीक करा लें।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी भूअ, अपर जिलाधिकारी सदर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।