केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के लिए बीकानेर सबसे उपयुक्त- डॉ. बी. डी. कल्ला

जयपुर। ऊर्जा, मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के लिए बीकानेर सबसे उपयुक्त है। यह जिले का हक है। बीकानेर में केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय स्थापित हो, इसके लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। डॉ. कल्ला बीकानेर में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि
विश्वविद्यालय में केन्द्रीय छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वयं को विश्वविद्यालय के 'बचपन का माली बताया तथा कहा कि यह विश्वविद्यालय जितना फलेगा-फूलेगा, उन्हें खुशी होगी। उन्होंने कहा कि इसके विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बीकानेर में कृषि इंजीनियरिंग महाविद्यालय तथा डेयरी टेक्नॉलोजी महाविद्यालय स्थापित करने, विश्वविद्यालय के पेंशनरों की पेंशन से संबंधित समस्या के स्थाई निदान के लिए कार्यवाही का भरोसा दिलाया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कृषि वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय की जमीन का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे विश्वविद्यालय को आर्थिक लाभ हो।किसानों से नियमित संवाद बनाए रखें, जिससे कृषि से संबंधित अनुसंधान का लाभ किसानों को हो सके। प्रति बीघा उत्पादन वृद्धि हो, यह उत्पादन गुणवत्तापूर्ण हो, इसके प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। दातारामगढ विधायक विरेन्द्र सिंह ने कहा कि कृषि वैज्ञानिक, विद्यार्थियों एवं किसानों की अथक मेहनत से देश में उत्पादन वृद्धि हुई है। आज हमारे भंडारण केन्द्र, खाद्यान्नों से भरे हैं।उन्होंने कृषि के साथ, पशुपालन को बढावा देने पर जोर दिया तथा कहा कि खेती की ऐसी तकनीकें इजाद करें, जिससे किसानों को भरपूर लाभ हो। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है। वे समाज एवं देश के विकास की भावना सेकार्य कर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा ने विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि बीकानेर में कृषि एवं पशुपालन उत्पाद प्रसंस्करण एवं इनसे संबंधित योजनाओं के परिचालन की अपार संभावनाएं हैं। इसे ध्यान रखते हुए, कृषि एवं पशुपालन से संबंधित योजनाओं को जिले में प्राथमिकता से लागू करवाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ में चयनित विद्यार्थियों को एक मौका मिला है। विद्यार्थी इसका भरपूर लाभ उठाएं तथा छात्र कल्याण के लिए कार्य करें। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशक प्रो. वीर सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने छात्र कल्याण निदेशालय से संबंधित जानकारी दी। केन्द्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील कुमार बुरडक ने विश्वविद्यालय में बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र से आने वाले बदबूदार पानी की समस्या के निस्तारण, विश्वविद्यालय परिसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुलवाने तथा अधिक से अधिक सरकारी कृषि महाविद्यालय स्थापित करवाने की मांग की।